MP ED Raid : विवाह सहायता फर्जीवाड़े में CEO शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार, 9 सितंबर तक ED कस्टडी में होगी पूछताछ
MP ED Raid : ED अधिकारियों ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। ED ने उन्हें 2 सितंबर को गिरफ्तार किया। मामले में सरकारी राशि के गलत तरीके से वितरण की जांच जारी है।
CEO Shobhit Tripathi Arrest : भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विवाह सहायता योजना से जुड़े कथित 30.18 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े में बड़ी कार्रवाई की है। ED अधिकारियों ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। ED ने उन्हें 2 सितंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भोपाल की विशेष PMLA कोर्ट ने उन्हें 9 सितंबर तक ED की हिरासत में भेज दिया। मामले में सरकारी राशि के कथित गलत तरीके से वितरण की जांच जारी है।
भोपाल विशेष अदालत में किया पेश
जानकारी के अनुसार, शोभित त्रिपाठी को विवाह सहायता योजना में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें भोपाल की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए 9 सितंबर तक ED कस्टडी मंजूर की है। जांच एजेंसी अब मामले में वित्तीय लेनदेन और योजना के तहत जारी की गई राशि से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
2019 से 2021 के बीच की गड़बड़ी
जांच के मुताबिक, शोभित त्रिपाठी 2019 से नवंबर 2021 के बीच सिरोंज जनपद पंचायत के CEO के पद पर रहे थे। इसी अवधि में विवाह सहायता योजना के कई मामलों में कथित गड़बड़ी सामने आई। जांच में करीब 5,923 संदिग्ध विवाह सहायता मामलों की जानकारी सामने आई है। इन मामलों में सहायता राशि मंजूर किए जाने की प्रक्रिया और लाभार्थियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
फर्जी दस्तावेजों से राशि निकालने का आरोप
मामले में आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और बैंक खातों का इस्तेमाल कर सरकारी राशि निकाली गई। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान भी विवाह सहायता राशि बांटे जाने की जानकारी जांच में सामने आई थी। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की FIR के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी राशि किस प्रक्रिया से जारी हुई और इसका इस्तेमाल किन लोगों के माध्यम से किया गया।

