राहगीरी उत्सव में सीएम मोहन यादव की सादगी, खुद चलाई बैलगाड़ी और गाया भजन
उज्जैन में सीएम डॉ मोहन यादव ने ‘आनंद उत्सव राहगीरी’ का शुभारंभ किया। उन्होंने बैलगाड़ी चलाकर लोगों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री ने बैलगाड़ी की लगाम थामकर उसे आगे बढ़ाया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीएम ने शंख बजाकर धर्म ध्वजा लहराई और भजन भी गाया।
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविवार की सुबह एक अलग ही अंदाज में नजर आए। वे सुबह ‘आनंद उत्सव राहगीरी’ कार्यक्रम में शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संस्कृति, खेल और सामुदायिक मेलजोल को बढ़ावा देना है।
अपनी सादगी से जीता लोगों का दिल
उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी सादगी से वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। पारंपरिक माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने खुद बैलगाड़ी चलाई। उन्होंने न सिर्फ बैलगाड़ी में बैठकर सवारी की, बल्कि अपने हाथों से लगाम पकड़कर बैलों को आगे भी बढ़ाया।
भजन भी गाया, शंख-खड़ताल बजाई
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उज्जैन में आयोजित ‘राहगीरी उत्सव’ में शामिल हुए और लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने शंख और खड़ताल बजाई, धर्म ध्वजा लहराई और भजन भी गाया। मुख्यमंत्री को इस रूप में देखकर लोग काफी उत्साहित नजर आए।
परेड की सलामी ली
राहगीरी उत्सव से पहले मुख्यमंत्री ने उज्जैन में पुलिस, बीएसएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त परेड की सलामी भी ली।
सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यातायात सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया और बच्चों को उपहार भी बांटे। राहगीरी उत्सव के दौरान अलग-अलग मंचों पर उनका स्वागत और सम्मान किया गया।

उज्जैन को मिलेंगी विकास की सौगात
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आज पूरे दिन उज्जैन जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे धर्म नगरी उज्जैन को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
DRASHTI JAIN 
