भोपाल: Lenskart के बाद अब भोपाल की निजी कंपनी का विरोध, तिलक-बिंदी बैन को लेकर हिंदू उत्सव समिति का प्रदर्शन

राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित एक निजी कंपनी में फैक्ट्री के ड्रेस कोड पर विवाद। तिलक-बिंदी पर रोक के खिलाफ हिंदू संगठनों का प्रदर्शन।

भोपाल: Lenskart के बाद अब भोपाल की निजी कंपनी का विरोध, तिलक-बिंदी बैन को लेकर हिंदू उत्सव समिति का प्रदर्शन

भोपाल के एमपी नगर स्थित एक निजी कंपनी में कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीकों पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कंपनी द्वारा जारी एक नोटिस में महिला कर्मचारियों को बिंदी, सिंदूर, मंगलसूत्र, चूड़ी और अंगूठी जैसे पारंपरिक आभूषण पहनकर आने से मना किया गया है। वहीं पुरुष कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाने पर भी रोक लगाई गई है। इस निर्देश का पालन न करने वाले कर्मचारियों को कंपनी परिसर में प्रवेश न देने की चेतावनी दी गई है।

इस फैसले के विरोध में हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के कार्यकर्ता मैदान में उतर आए हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया और इस आदेश को धार्मिक आस्था पर हमला बताया। समिति के अध्यक्ष चन्द्रशेखर तिवारी ने कहा कि इस तरह का निर्णय भारतीय परंपराओं और संस्कृति के खिलाफ है और इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों के समर्थन में उन्हें तिलक लगाया और कलावा बांधा। एक कर्मचारी ने आरोप लगाया कि वह जब तिलक और कलावा पहनकर फैक्ट्री पहुंचा तो उसे अंदर जाने से रोक दिया गया, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया है। हिंदू उत्सव समिति ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और कंपनी के उत्पादों के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।

वहीं कंपनी प्रबंधन का कहना है कि यह निर्णय प्रोडक्ट क्वालिटी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। फैक्ट्री के मैनेजर वीएस राजपूत के अनुसार, कुछ आभूषणों के कारण उत्पादों के खराब होने की आशंका रहती है, इसलिए यह सर्कुलर जारी किया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विरोध को देखते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार किया जा सकता है। फिलहाल, इस मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।