भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया बैरसिया का दौरा, लखपति दीदियों के उत्पादों का किया अवलोकन

भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बैरसिया का दौरा कर लखपति दीदियों की बैठक में महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। आमजन की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश भी दिए।

भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया बैरसिया का दौरा, लखपति दीदियों के उत्पादों का किया अवलोकन

भोपाल/बैरसिया। भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बुधवार को बैरसिया का दौरा कर विभिन्न शासकीय गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर स्व-सहायता समूहों से गठित संकुल स्तरीय संगठनों के अध्यक्षों, सचिवों एवं लखपति दीदियों की बैठक में हिस्सा लिया.

बैठक के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने महिलाओं के तैयार किए गए अलग-अलग उत्पादों का अवलोकन किया और उनके निर्माण, विपणन और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और उनके कार्यों को प्रोत्साहित किया.

दौरे के दौरान कलेक्टर ने अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे आम नागरिकों से भी मुलाकात की. उन्होंने लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. कलेक्टर ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश भी दिए.

इसके अलावा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए.

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुए इस दौरे का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना और आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा.