बैतूल में बड़ा खाद चोरी कांड: किसानों को नहीं मिल रही खाद, गोदाम से गायब हुईं 700 बोरियां

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में खाद संकट के बीच एक बड़ा चोरी कांड सामने आया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयरहाउस से करीब 700 बोरी खाद चोरी हो गई, जिसमें 668 बोरी यूरिया, 32 बोरी पोटाश और 5 बोरी जिंक शामिल हैं।

बैतूल में बड़ा खाद चोरी कांड: किसानों को नहीं मिल रही खाद, गोदाम से गायब हुईं 700 बोरियां

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तरफ जिले के किसान खरीफ सीजन की शुरुआत में खाद की किल्लत और किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ चोरों ने एक सरकारी गोदाम को निशाना बनाकर करीब 700 बोरी खाद साफ कर दी। यह सनसनीखेज वारदात आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयर हाउस में अंजाम दी गई है। चोरी गई खाद की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी जा रही है।

यूरिया से लेकर जिंक तक, सब ले उड़े चोर..
सोमवार को जब गोदाम खोला गया, तब इस महा-चोरी का खुलासा हुआ। चोरों ने वेयर हाउस के ताले चटकाए और भीतर रखा किसानों का बड़ा स्टॉक उड़ा लिया:

  1. यूरिया: 668 बोरी
  2. पोटाश: 32 बोरी
  3. जिंक: 5 बोरी

रविवार रात ट्रक लेकर पहुंचे थे चोर, सोमवार को हुआ खुलासा..
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह वारदात रविवार (31 मई) की रात को अंजाम दी गई। अज्ञात शातिर चोर बाकायदा एक बड़ा ट्रक लेकर वेयर हाउस पहुंचे थे। उन्होंने गोदाम के ताले तोड़े और कई घंटों तक इत्मीनान से खाद की बोरियां ट्रक में लोड की और फरार हो गए। सोमवार सुबह जब समिति के कर्मचारी किसानों को खाद का वितरण करने के लिए गोदाम पहुंचे, तो वहां के नजारे देख उनके होश उड़ गए। ताले टूटे थे और अंदर से खाद गायब थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

हाईवे के पास गोदाम, सुरक्षा के नाम पर 'नील बट्टा सन्नाटा'..
इस चोरी ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वेयर हाउस हाईवे के बिल्कुल नजदीक स्थित है। हाईवे के पास होने के बावजूद एक संदिग्ध ट्रक का वहां आना, घंटों तक खाद लोड होना और किसी को भनक तक न लगना कई संदेहास्पद सवाल खड़े करता है।

भगवान भरोसे सुरक्षा..
जांच में सामने आया कि जिस गोदाम में किसानों के लिए लाखों रुपये का खाद का स्टॉक रखा था, वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। वेयर हाउस पर न तो कोई सुरक्षा गार्ड तैनात था, न पर्याप्त लाइट (रोशनी) की व्यवस्था थी और न ही वहां कोई CCTV कैमरा लगा हुआ था।

खरीफ सीजन से पहले किसानों की बढ़ी चिंता..
मध्य प्रदेश में इस समय किसान मानसून और खरीफ फसलों की बुआई की तैयारियों में जुटे हैं। ऐसे नाजुक समय में खाद की कालाबाजारी और किल्लत के बीच इतनी बड़ी चोरी होना प्रशासन और सहकारी समिति दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

देवकरण डेहरिया (कोतवाली थाना प्रभारी, बैतूल) के मुताबिक..
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयर हाउस में ताले तोड़कर करीब 700 बोरी खाद चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। हाईवे के रूट और संदिग्ध वाहनों की खाक छानी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।