“बंगाल चाहता है जंगलराज से मुक्ति”— कोलकाता में CM मोहन यादव का जोरदार चुनाव प्रचार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोलकाता और मेदिनीपुर में ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार कर सियासी तापमान बढ़ा दिया.
West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोलकाता और मेदिनीपुर में ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार कर सियासी तापमान बढ़ा दिया. कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र की गलियों में घर-घर जाकर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अरुप चौधरी के समर्थन में वोट मांगे और कहा कि राज्य की जनता अब ठहराव नहीं, बल्कि बदलाव और तेज विकास चाहती है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से विकास की दौड़ में पिछड़ चुके पश्चिम बंगाल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल-इंजन सरकार नई दिशा और रफ्तार दे सकती है. उनका कहना था कि असली बदलाव तभी दिखेगा जब सरकार का फोकस रोजगार, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर होगा.
कमरहाटी में घर-घर जनसंपर्क
डॉ. मोहन यादव ने कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 और 112 में पैदल भ्रमण कर लोगों से सीधा संवाद किया. उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. लोगों ने उनके सामने रोजगार, महंगाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे उठाए. इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर योजनाएं तेजी से जमीन पर उतरेंगी और जनकल्याण के कामों में गति आएगी.
बंगाल की जनता अब देश के साथ बंगाल को भी चलते देखना चाहती है...
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 18, 2026
आज जब माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश समेत देश के सभी राज्यों ने अपनी प्रगति की रफ्तार बहुत तेज रखी है, तब बंगाल पिछड़ रहा है।
बंगाल की प्रगति के लिए भाजपा जरूरी है!@BJP4Bengal… pic.twitter.com/76L9ZY2w9u
अंदरूनी इलाकों की हालत खराब
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कोलकाता के अंदरूनी क्षेत्रों में गरीबी साफ नजर आती है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मजबूरी में बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं. उनके अनुसार, राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन नीतियों और उनके क्रियान्वयन के बीच की दूरी ने बंगाल को पीछे धकेल दिया है.

कुशासन और ‘जंगलराज’ पर हमला
डॉ. यादव ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब कुशासन और ‘जंगलराज’ से छुटकारा चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे वामपंथी शासन और उसके बाद टीएमसी के कार्यकाल में विकास की गति धीमी पड़ी और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए. उनका कहना था कि राज्य का समग्र विकास तभी संभव है जब शासन जवाबदेह और विकास-केंद्रित हो.
दो सीटों पर फोकस

कमरहाटी में प्रचार के बाद मुख्यमंत्री ने मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने की योजना बताई। उन्होंने कहा कि बंगाल देश के साथ कदम मिलाकर चलेगा तो विकास के नए आयाम स्थापित करेगा.
shivendra 
