EOW Raid : PWD इंजीनियर के घर EOW का छापा, बालाघाट में 2.5 लाख नकद और 25 लाख का वाहन जब्त

Kamal Kishore Singare EOW Raid : आय से अधिक संपत्ति और पद के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामले में बालाघाट के अलावा छिंदवाड़ा और भोपाल में भी एक साथ EOW की अलग-अलग टीम द्वारा जांच की जा रही है।

EOW Raid : PWD इंजीनियर के घर EOW का छापा, बालाघाट में 2.5 लाख नकद और 25 लाख का वाहन जब्त

Kamal Kishore Singare EOW Raid : मध्य प्रदेश। बालाघाट में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो यानी EOW ने लोक निर्माण विभाग की PIU शाखा में पदस्थ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कमल किशोर सिंगारे के सरकारी आवास पर छापामार कार्रवाई की। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे टीम ने कार्रवाई शुरू की। आय से अधिक संपत्ति और पद के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामले में बालाघाट के अलावा छिंदवाड़ा और भोपाल में भी एक साथ जांच की जा रही है।

तीन शहरों में एक साथ चल रही जांच

EOW की तीन टीमें एक ही समय पर सिंगारे से जुड़े अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। बालाघाट में कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी मंजीत सिंह ने किया। टीम ने सरकारी आवास की तलाशी ली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यहां से करीब ढाई लाख रुपए नकद और लगभग 25 लाख रुपए कीमत का एक वाहन मिला है। जांच के बाद टीम सिंगारे को लेकर छिंदवाड़ा रवाना हुई।

13 जुलाई को EOW में हुई थी शिकायत

जानकारी के मुताबिक, कमल किशोर सिंगारे करीब 14 महीने से बालाघाट में पदस्थ थे। इस दौरान कुछ ठेकेदारों की ओर से निर्माण कार्यों के बिल पास करने के बदले कथित कमीशन मांगने के आरोप लगाए गए थे। सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने भी इस संबंध में प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी युनुस पप्पा खान ने 13 जुलाई को EOW में शिकायत दर्ज कराई थी।

30 लाख के भुगतान में 10 लाख कमीशन का आरोप

शिकायतकर्ता युनुस पप्पा खान ने सिंगारे पर ठेकेदारों को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि ठेकेदार छोटुलाल ठाकरे के 30 लाख रुपए के भुगतान में 10 लाख रुपए कमीशन के तौर पर लिए गए थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस मामले में पहले प्रशासन और विभागीय स्तर पर शिकायत की गई थी। कार्रवाई नहीं होने पर EOW का रुख किया गया।

आरोपों की जांच के बाद ही होगी पुष्टि

कमीशन लेने से जुड़े सभी आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है। EOW की जांच के दौरान दस्तावेजों, संपत्ति, लेनदेन और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

न्यायालय की अनुमति के बाद हुई कार्रवाई

EOW के डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि बालाघाट न्यायालय से अनुमति लेने के बाद टीम ने सुबह 6 बजे सिंगारे के सरकारी आवास पर कार्रवाई शुरू की। उनके अनुसार, तलाशी के दौरान ढाई लाख रुपए नकद और करीब 25 लाख रुपए कीमत का वाहन मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी है और टीम सिंगारे को लेकर छिंदवाड़ा जा रही है।