सतना में संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले में कड़ी कार्रवाई, दो लैब टेक्नीशियन किए गए निलंबित
सतना जिले में संक्रमित ब्लड चढ़ाए जाने के गंभीर मामले को लेकर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
सतना। जिले में संक्रमित ब्लड चढ़ाए जाने के गंभीर मामले को लेकर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई डॉ. योगेश भरसट, आईएएस (सीईओ, आयुष्मान भारत) की अध्यक्षता में गठित सात सदस्यीय जांच समिति की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल सतना के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. देवेंद्र पटेल (पैथोलॉजिस्ट) सहित दो लैब टेक्नीशियन राम भाई त्रिपाठी और नंदलाल पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पूर्व सिविल सर्जन को कारण बताओ नोटिस जारी
इसके साथ ही जिला अस्पताल सतना के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकरण की जांच के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन डॉ. योगेश भरसट, आईएएस (संचालक, राज्य रक्ताधान परिषद – SBTC) की अध्यक्षता में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को किया गया था। समिति की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है, जबकि विस्तृत जांच अभी जारी है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।
Varsha Shrivastava 
