मऊगंज: रात के अंधेरे में तालाब को खोखला कर रहे खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, 4 ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त

मऊगंज में खनिज माफियाओं की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। जिला क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नगर परिषद नईगढ़ी के वार्ड-8 स्थित सिगदार तालाब, जिसके कायाकल्प के लिए शासन ने करीब 30 लाख रुपए मंजूर किए हैं, उसी तालाब को खनिज माफिया रात के अंधेरे में जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर खोखला कर रहे थे।

मऊगंज: रात के अंधेरे में तालाब को खोखला कर रहे खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, 4 ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त
google

रिपोर्टर-राजेंद्र पयासी, मऊगंज

रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे आधा दर्जन ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनों से तालाब में अवैध मुरूम उत्खनन चल रहा था। सूचना पर नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खुदाई रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन अवैध कारोबारियों ने मुरूम की खुदाई का काम बंद करने से साफ इनकार कर दिया।

एसडीएम ने लिया संज्ञान, पुलिस ने मारा छापा-

नगर निकाय के कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने तुरंत एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी को मामले की जानकारी दी। एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस को देखते ही खनिज माफिया मौके से भाग निकले। पुलिस ने अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते 4 ट्रैक्टर और एक जेसीबी को जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा प्राथमिक कार्रवाई कर जब्त किए गए जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टरों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

खनिज विभाग करेगा अर्थदंड की कार्रवाई-

थाना प्रभारी ने बताया कि वैधानिक कार्रवाई के बाद पूरा मामला खनिज विभाग को हैंडओवर किया जाएगा। खनिज नियमों के तहत वाहनों पर भारी अर्थदंड लगाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य अवैध उत्खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बता दें कि जिले में खनिज माफिया के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा कई बड़ी कार्रवाई की गई है, बावजूद अवैध खनिज के सौदागर चोरी-छिपे धरती की कोख खोदने में लगे हुए हैं।

कायाकल्प की योजना अधूरी, तालाब बना गड्ढा-

गौरतलब है कि नगर परिषद नईगढ़ी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सिगदार तालाब के कायाकल्प के लिए करीब 30 लाख रुपए स्वीकृत हैं। योजना में तालाब का समतलीकरण, मेड़ पर पेवर ब्लॉक और पार्क निर्माण शामिल है। ठेकेदार ने कुछ काम शुरू किया था, पर अभी अधूरा है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है कि जिस तालाब को संवारना था, माफिया उसी को खोदकर गड्ढा बना रहे थे। नगर परिषद ने कहा कि निगरानी बढ़ाई जाएगी और सौंदर्यीकरण का काम जल्द पूरा कराया जाएगा।

इनका कहना है

"नगर परिषद क्षेत्र के शासकीय सिगदार तालाब में बीती रात बिना अनुमति के कुछ लोगों द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा था। निकाय कर्मचारियों की उपस्थिति में पुलिस द्वारा छापामार कार्रवाई कर जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।"

राहुल शर्मा-
मुख्य नगर पालिका अधिकारी
नगर परिषद नईगढ़ी

"एसडीएम के निर्देश पर रात करीब 12 बजे छापामार कार्रवाई कर सरकारी तालाब में अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते एक जेसीबी तथा चार ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। विधि संगत प्रारंभिक कार्रवाई उपरांत खनिज नियमों के तहत पूरा मामला खनिज विभाग को सौंपा जाएगा।"

ऋषि कुमार द्विवेदी-
थाना प्रभारी नईगढ़ी