नशीली कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 2160 शीशियां बरामद

मऊगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार कर 2160 शीशियां बरामद की हैं। पुलिस ने वाराणसी, कानपुर, मिर्जापुर और प्रयागराज में छापेमारी कर सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां भी तोड़ीं और कई आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

नशीली कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 2160 शीशियां बरामद
google

मऊगंज पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर नशीली कफ सिरफ की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिसअधीक्षक  दिलीप सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप भारतीय की टीम ने यह सफलता हासिल की।

मामला 28 मार्च 2025 का है, जब मुखबिर सूचना पर पुलिस ने मऊगंज के गाड़ा मोड़ के पास बिना नंबर की कार को घेराबंदी कर पकड़ा था। वाहन से 2160 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरफ (कीमत 4.21 लाख) बरामद की गई थी। प्रकरण में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट व औषधि नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बड़े ड्रग सप्लायरों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई का दायरा वाराणसी, कानपुर, मिर्जापुर और प्रयागराज तक पहुंचा, जहां अवैध ड्रग स्टॉकिस्टों पर छापेमारी कर प्रकरण दर्ज किए गए। मुख्य आरोपी विनोद अग्रवाल, निवासी पटकापुर फिलखाना कानपुर, घटना के बाद से फरार था। उसके खिलाफ यूपी में एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने उसे  कानपुर सेंट्रल जेल से रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध सप्लाई की पुष्टि हुई। 

बाद में मऊगंज प्रकरण में औपचारिक गिरफ्तारी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिला।आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित था। कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों व जवानों की सराहनीय भूमिका रही।