LPG संकट की खबरों के बीच रीवा प्रशासन अलर्ट
LPG संकट की खबरों के बीच रीवा प्रशासन अलर्ट मोड पर है और जिले में गैस की सप्लाई सामान्य बताई गई है। SDM डॉ. अनुराग तिवारी और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अफवाहों से बचने और घबराकर सिलेंडर लेने से परहेज करने की अपील की है।
LPG संकट की संभावित खबरों के बीच रीवा प्रशासन अलर्ट मोड पर है। रीवा के SDM डॉ. अनुराग तिवारी और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से घबराने की बजाय संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने बताया कि जिले में LPG गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। शहर की गैस एजेंसियों पर प्रशासन और पुलिस की टीमें तैनात हैं, क्योंकि कई जगहों पर लोग घबराहट में सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं और लंबी कतारें लग रही हैं।
SDM डॉ. अनुराग तिवारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह का पैनिक न करें और गैस की बुकिंग फोन कॉल या ऑनलाइन माध्यम से करें तथा होम डिलीवरी की सुविधा का लाभ लें। उन्होंने यह भी कहा कि लोग बेवजह गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और 25 दिन की बुकिंग लिमिट का पालन करें।
वहीं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि जिले में होस्टल, जेल और अस्पतालों सहित सभी आवश्यक संस्थानों में गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। घरेलू सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक एजेंसियों के पास उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कालाबाजारी या ओवरप्राइसिंग की जानकारी मिलने पर तुरंत शिकायत करने की अपील की है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि कोई कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रोकी गई है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को गैस की खपत कम करने की सलाह दी गई है। वहीं विवाह समारोहों में आवश्यकता होने पर भट्ठियों और लकड़ियों के उपयोग की भी अनुमति दी जा सकती है।
LPG से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए नागरिक टोल-फ्री नंबर 07622-255143 पर संपर्क कर सकते हैं या CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीज़ल की आपूर्ति जिले में पूरी तरह सामान्य और सुव्यवस्थित बनी हुई है।

