CM मोहन ने दी सतना को 652 करोड़ की सौगात, ISBT से लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल तक बड़ी घोषणाएं की

सतना को मिली 652.54 करोड़ रुपये की विकास सौगात, ISBT, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, क्रिकेट स्टेडियम समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन

CM मोहन ने दी सतना को 652 करोड़ की सौगात, ISBT से लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल तक बड़ी घोषणाएं की
MP CM Mohan Yadav Satna Visit

सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सतना जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां 652 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से निर्मित और प्रस्तावित 12 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम का आयोजन नवनिर्मित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) परिसर में किया गया था। जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना में आयोजित 'विंध्य व्यापार मेला' कार्यक्रम में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

383 करोड़ की लागत से 650 बिस्तर का अस्पताल 

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री ने शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना में 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल विंध्य क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर साबित होगा और मरीजों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना एयरपोर्ट को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए कि सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप की लंबाई 1800 मीटर तक बढ़ाई जाए, ताकि यहां जेट विमानों की लैंडिंग संभव हो सके। इससे क्षेत्र की एयर कनेक्टिविटी मजबूत होगी और औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को गति मिलेगी। इसके अलावा छह अन्य कार्यों के लिए 484 करोड़ 21 लाख का भी शिलान्यास हुआ।

अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का उद्घाटन

सीएम डॉ. मोहन यादव ने 31 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का उद्घाटन करते हुए इसे ‘अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राज्यीय बस अड्डा’ नाम देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति में शुचिता, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के प्रतीक थे। उनके जन्मशती वर्ष में मध्य प्रदेश का अभ्युदय हो रहा है और प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार केवल सरकार नहीं, बल्कि परिवार की तरह प्रदेश का संचालन कर रही है। हर नागरिक को परिवार का सदस्य मानते हुए निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनमें अंत्योदय और ग्रामोदय दोनों की भावना समाहित है। उन्होंने कहा कि सतना भगवान श्रीराम की कर्मभूमि रही है और चित्रकूट का धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व देश-दुनिया में अद्वितीय है। राज्य सरकार चित्रकूट को भव्य और दिव्य धाम के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पित है।

धवारी क्रिकेट स्टेडियम का भी किया लोकार्पण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धवारी क्रिकेट स्टेडियम का भी लोकार्पण किया, जिसकी लागत लगभग 8 करोड़ रुपये है। इस आधुनिक स्टेडियम में डे-नाइट क्रिकेट मैचों की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के माध्यम से युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना सरकार की प्राथमिकता है।

जल और कृषि के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि बरगी नहर परियोजना से सतना जिले को 2026 तक पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही इस परियोजना से जिले की 1.5 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।

नए साल से प्रदेश में सरकारी बस सेवाएं प्रारंभ होंगी

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि नए साल से प्रदेश में सरकारी बस सेवाएं प्रारंभ होंगी। ‘सुगम लोक परिवहन सेवा’ के तहत गांव-गांव तक सस्ती और सुविधाजनक बसें चलाई जाएंगी, जबकि शहरों में आधुनिक लग्जरी बसों का संचालन किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार सतना को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगरीय विकास में सतना को किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में सतना जिला विकास के हर मामले में अव्वल है। उन्होंने सतना को एयर कनेक्टिविटी के मामले में और अधिक मजबूत बनाने की मांग मुख्यमंत्री से की।

मध्य प्रदेश देश का सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश देश का सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आ रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। वहीं, महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि सतना नगर निगम स्वच्छता और प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रदेश के अग्रणी निकायों में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया। अंत में उन्होंने कहा कि यह पूरा सप्ताह मध्य प्रदेश के विकास के लिए ऐतिहासिक रहा है और आने वाले समय में विंध्य क्षेत्र को विकास के नए पंख मिलेंगे।

कार्यक्रम में चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।