सरिया से लदा ट्रक नहर में गिरा, तीन की दर्दनाक मौत
सतना के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास बुधवार की तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चालक, क्लीनर और एक मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी सुबह 8 बजे राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव उसके अंदर बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

क्रेन की मदद से हुआ रेस्क्यू
थाना प्रभारी रामपुर बघेलान ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा किया गया, जिसके बाद दो शव बाहर निकाले जा सके। वहीं तीसरे शव तक पहुंच पाना बेहद मुश्किल था, क्योंकि वह ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा हुआ था। अंततः कटर मशीन की मदद से ट्रक की बॉडी को काटकर तीसरे शव को बाहर निकाला गया। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 4 घंटे तक चला।

दो की शिनाख्त, तीसरे की पहचान नहीं
रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के अनुसार मृतकों में दो की पहचान हो चुकी है। इनमें दिलीप केवट (पिता राजेश केवट), निवासी ग्राम पडरी, जिला मैहर तथा विष्णु केवट (पिता माखनलाल केवट), निवासी रामगढ़, जिला मैहर शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी और तहसीलदार सुजीत नागेश भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।


