BHOPAL:छात्र सम्मान समारोह में बोले मंत्री विश्वास सारंग, युवा ही तय करेंगे देश का भविष्य
भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग ने रोज मैरी स्कूल के मेधावी छात्रों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षा क्षेत्र में सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।
भोपाल:शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए रोज़ मैरी हायर सेकेंडरी विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने आज सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग से उनके निवास के पास सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि इसमें उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इसी तरह निरंतर प्रयास करते हुए अपने परिवार, विद्यालय और भोपाल शहर का नाम देशभर में रोशन करते रहें।

जीवन का यह पड़ाव केवल एक शुरुआत
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जीवन का यह पड़ाव केवल एक शुरुआत है, अभी लंबा सफर तय करना बाकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी तीक्ष्ण बुद्धि, अनुशासन और परिश्रम का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और वही भविष्य की दिशा और गति निर्धारित करते हैं। इसलिए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
आज निवास पर रोज़ मैरी हायर सेकेंडरी विद्यालय, भोपाल के मेधावी विद्यार्थियों ने भेंट की।
— विश्वास कैलाश सारंग (@VishvasSarang) April 26, 2026
इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
आप सभी ऐसे ही अथक परिश्रम, अटूट लगन और धैर्य के साथ जीवन की… pic.twitter.com/jvmmsoQ6JR
शिक्षा क्षेत्र में सरकार के प्रयास गिनाए
इस दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और प्रयासों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश और देश की सरकारें स्कूलों और कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं। साथ ही हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का भी प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और सुलभ उच्च शिक्षा के अवसर मिल सकें। मंत्री सारंग ने विद्यार्थियों को उनकी आगे की पढ़ाई में हर संभव मदद और मार्गदर्शन देने का भी आश्वासन दिया।
छात्रों ने बढ़ाया भोपाल का मान
विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट परिणामों से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। कक्षा 10वीं में महिमा खाड़े ने 98% अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा राकेश कुमार (97.6%), पूजा चौरसिया (97.4%) और भूमिका अहिरवार (97.2%) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धि ने विद्यालय के साथ-साथ पूरे भोपाल शहर को गौरवान्वित किया है।मंत्री विश्वास सारंग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी जिम्मेदारी केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के उत्थान और देश की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया।
sanjay patidar 
