16 वर्षीय किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गए, दुष्कर्म के आरोप में दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में
सतना। एक हफ्ते पहले 16 वर्षीय किशोरी रहस्यमय तरीके से लापता हुई। कुछ दिन बाद किशोरी घर लौटने के बाद पुलिस के पास पहुंची। पीड़ित किशोरी ने पुलिस को बताया कि दो व्यक्तियों ने जबरिया मोटर साइकिल में बैठाया और घर ले जाकर एक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरप्तार कर लिया।
इस संबंध में टीआई कोलगवां सुदीप सोनी ने बताया कि थानान्तर्गत रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 8 जुलाई को रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर किशोरी की तलाश में जुट गई। कुछ दिन बाद किशोरी परिजनों के साथ सकुशल थाना पहुंचकर अपनी आप-बीती बताई।
पीड़िता ने बताया कि 8 जुलाई की शाम 6.30 बजे के करीब घर लौटते समय रास्ते में बाइक सवार दो व्यक्तियों ने बहला- फुसला कर गाड़ी में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। घर ले जाकर एक आरोपी ने जबरिया दुष्कर्म किया। आरोपी के कृत्य की जानकारी लगने पर उसकी दादी ने विरोध किया। दादी के द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने घर से निकाल कर सड़क पर फेंक दिया।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद वह लिफ्ट लेकर और आटो से अपनी बहन के घर पहुंची। पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण में धारा 64(1), 351(3), 3(5)बीएनएस और 5/6 पाक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।
टीआई कोलगवां सुदीप सोनी ने बताया कि गुरूवार को पुलिस टीम ने अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी रामसिया साकेत पिता स्व. मिट्ठू साकेत और राजेन्द्र साकेत पिता रामकलेश साकेत दोनों निवासी सरांय थाना रामपुर बाघेलान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें केन्द्रीय जेल भेज दिया गया।
Varsha Shrivastava 
