Satna में लीज की जमीन पर मंदिर निर्माण के बहाने कब्जे की कोशिश, पुलिस पर पथराव; 25 से ज्यादा लोगों पर केस
Satna News: सतना के कोटर थाना क्षेत्र में लीज की जमीन पर मंदिर निर्माण के बहाने कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया। डायल 112 के आरक्षक से हाथापाई और पुलिस वाहन पर पथराव के बाद 25 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
सतना. जिले के कोटर थाना क्षेत्र में खनन के लिए स्वीकृत लीज की जमीन पर मंदिर निर्माण के बहाने कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम के साथ कथित रूप से हाथापाई की गई। इसके बाद थाना पुलिस के पहुंचने पर पुलिस वाहन पर भी पथराव किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने 5 नामजद और 20 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
जानकारी के अनुसार, कोटर थाना क्षेत्र के अबेर इलाके के कैमरी पहाड़ से लगे बैरिस्टर नगर के कुछ ग्रामीण शुक्रवार दोपहर खनन के लिए स्वीकृत करीब 56 एकड़ लीज क्षेत्र के एक टीले पर मंदिर निर्माण करने के लिए एकत्र हुए थे। लीज धारक मोरध्वज मिश्रा ने इसकी सूचना खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस को दी. आरोप है कि मौके पर पहुंचे खनिज विभाग के अधिकारियों का ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर डायल 112 की एफआरव्ही टीम मौके पर पहुंची। वाहन में तैनात आरक्षक अभय सिंह ने लोगों को समझाइश दी कि लीज की जमीन पर कब्जा न करें। पुलिस के मुताबिक इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई को लेकर आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और आरक्षक के साथ हाथापाई भी की. इसके बाद आरक्षक ने थाना पुलिस से अतिरिक्त बल बुलाया.
सूचना पर एएसआई रोहणी, प्रधान आरक्षक दिलीप तिवारी और अन्य पुलिसकर्मी थाना वाहन से मौके पर पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने थाना वाहन को भी घेर लिया और गाली-गलौज के साथ छीना-झपटी की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी वाहन लेकर वहां से निकले, लेकिन भीड़ ने पीछा करते हुए वाहन पर पथराव कर दिया.
कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि आरक्षक अभय सिंह की शिकायत पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और पथराव समेत विभिन्न धाराओं में 5 नामजद और 20 से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
शनिवार को खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। खनिज विभाग ने भी इस मामले में शिकायत दी है, जिस पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Anubhav Dubey 
