पंचायत भवन के सामने आमरण अनशन पर बैठे सरपंच, सचिव पर लगाए लापरवाही के आरोप
ग्राम पंचायत अमरपुर के सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी ने सोमवार से पंचायत भवन के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है
सीधी। जनहित के मुद्दों को लेकर ग्राम पंचायत अमरपुर के सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार से पंचायत भवन के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में विकास और हितग्राहीमूलक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसके विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया है।
उनका कहना है कि ग्राम पंचायत अमरपुर के सचिव नीरज मिश्रा पिछले करीब 7 सालों से पदस्थ हैं और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सरपंच के अनुसार सचिव को हटाने के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके कारण पंचायत क्षेत्र में हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति नगण्य बनी हुई है।
आमरण अनशन में सरपंच के समर्थन में धर्मराज पाण्डेय, रामजी द्विवेदी, अवधेश यादव, बड़े यादव, विनोद सिंह, राघवेन्द्र तिवारी, चित्रकूटी साकेत, सुखेन्द्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, प्रवीण सिंह, शंकरदयाल साकेत और जागेश्वर द्विवेदी सहित अन्य लोग शामिल हुए।
Varsha Shrivastava 
