कल्पना मिश्रा मौत मामले में अस्पताल के बाहर प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; AAP नेता समेत कई हिरासत में

रीवा में प्रसूता कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में परिजनों और समर्थकों ने निजी अस्पतालों के बाहर प्रदर्शन किया. सिटी हॉस्पिटल के बाहर पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद AAP नेता समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया.

कल्पना मिश्रा मौत मामले में अस्पताल के बाहर प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; AAP नेता समेत कई हिरासत में

रीवा। प्रसूता कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में बुधवार को मृतका के परिजनों और समर्थकों ने निजी अस्पतालों के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी निजी अस्पतालों में तालाबंदी की मांग को लेकर अस्पतालों के सामने के पहुंचे. इसी दौरान संजय गांधी अस्पताल के नवनियुक्त अधीक्षक प्रियंक शर्मा के निजी अस्पताल सिटी हॉस्पिटल के बाहर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई. 

स्तिथि बिगड़ने पर पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए गे लोगों में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और कुछ महिलाएं भी शामिल हैं. 

सिटी हॉस्पिटल के बाहर पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

प्रदर्शनकारी कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में निजी अस्पतालों पर कार्रवाई और तालाबंदी की मांग कर रहे थे. इसी मांग को लेकर वे सिटी हॉस्पिटल के बाहर पहुंचे. 

यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई. सामने आए एक वीडियो में पुलिसकर्मी आम आदमी पार्टी के नेता को पकड़कर मौके से ले जाते दिखाई दे रहे हैं. कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की कुल संख्या और उनकी पहचान को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

बिना सूचना के प्रदर्शन का पुलिस ने बताया कारण

सीएसपी राजीव पाठक के मुताबिक, कुछ लोग बिना पूर्व सूचना के निजी अस्पताल के बाहर एकत्र होकर हंगामा कर रहे थे. बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी.

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन जब हालात नहीं संभले तो कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है.

अस्पतालों में तालाबंदी की मांग

प्रदर्शन में शामिल लोग कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में निजी अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे मृतका के परिवार को न्याय दिलाने और मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध कर रहे हैं.

परिजनों और समर्थकों ने निजी अस्पतालों में तालाबंदी की मांग भी उठाई. इसी दौरान प्रदर्शनकारी सिटी हॉस्पिटल के सामने पहुंचे, जहां पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई.

मौत के मामले में न्याय की मांग

कल्पना मिश्रा की मौत के बाद से ही मामला लगातार चर्चा में है. मृतका के परिजन और समर्थक मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

बुधवार को हुए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद मामला एक बार फिर गरमा गया है। अब प्रदर्शनकारियों की मांग और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी.