Paradise Valley Accident : रतलाम के पिकनिक स्पॉट पर बड़ा हादसा, 2 टीचर समेत छात्र की डूबने से मौत
Paradise Valley Accident : पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर 4 बच्चे पानी में गिर गए। 2 शिक्षकों ने 3 बच्चों को बचा लिया, लेकिन चौथे को बचाने के चक्कर में गहराई में समा गए।
Paradise Valley Accident : मध्यप्रदेश। रतलाम से करीब 11 किलोमीटर दूर पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल पिकनिक पर आए चार बच्चे पानी में गिर गए। उन्हें बचाने के लिए दो शिक्षक पानी में उतरे। शिक्षकों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन एक छात्र को निकालते समय दोनों गहरे पानी में चले गए। हादसे में दो शिक्षकों और एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। तीन अन्य बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में दो शिक्षक और सातवीं का छात्र
हादसे में जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर की मौत हुई है। प्रिंस मोदी की उम्र 22 साल और विजय सिंह राठौर की उम्र 42 साल थी। इनके साथ कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार की भी जान चली गई। हर्षित की उम्र 12 साल थी। हादसे के बाद स्कूल और बच्चों के परिवारों में शोक का माहौल है।

17 विद्यार्थी स्कूल स्टाफ के साथ पहुंचे थे
जानकारी के मुताबिक, त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 7वीं और 9वीं के करीब 17 विद्यार्थी रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बस से जावरा से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी स्कूल के म्यूजिक ग्रुप से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बच्चों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना, शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ विद्यार्थी पानी के पास खेल रहे थे।
पैर फिसलने से पानी में गिरे छात्र-छात्रा
इसी दौरान कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार और कक्षा 9वीं की छात्रा खुशी का पैर फिसल गया। दोनों पानी में गिर गए। बच्चों को डूबता देखकर शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर तुरंत उनकी मदद के लिए पानी में उतर गए। शिक्षकों ने खुशी को पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

स्थानीय लोगों ने तीनों को बाहर निकाला
बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की गई। हालांकि, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। एसडीईआरएफ की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया था।
तीन बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे में खुशी, अन्वेष और सिद्धि को बचा लिया गया। तीनों की उम्र 15, 15 और 16 साल बताई गई है। खुशी को इलाज के लिए रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।


