राज्यसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने भरा नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद

भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल नामांकन से पहले भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार व्यक्त किया।

राज्यसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने भरा नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद

भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। दोनों उम्मीदवारों ने दोपहर करीब 12:30 बजे रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किया।

नामांकन दाखिल करने से पहले भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद विधानसभा पहुंचे

बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और दोनों प्रत्याशी भाजपा कार्यालय परिसर स्थित शिव एवं हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां विधिवत पूजा-अर्चना कर पार्टी की जीत और सफलता की कामना की गई।

इसके बाद सभी नेता विधानसभा के लिए रवाना हुए। इस दौरान 15 से अधिक वाहनों का काफिला भी उनके साथ मौजूद रहा। विधानसभा परिसर में नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष के बाहर भी नेताओं और विधायकों की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली।

भूपेंद्र सिंह का दावा- तीसरा उम्मीदवार भी उतारा तो जीतेंगे

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल है और यदि पार्टी तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारती है, तब भी जीत सुनिश्चित होगी।

भूपेंद्र सिंह के इस बयान को राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आत्मविश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव पर टिकी नजरें

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के बीच भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया है। पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किए जाने को चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दलों की नजरें आगामी मतदान पर टिकी हैं।

-----------