MP News: 2016 बैच के IPS पद्म विलोचन शुक्ला बने बड़वानी के नए पुलिस अधीक्षक

MP News: मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल, 2016 बैच के आईपीएस पद्म विलोचन शुक्ला बने बड़वानी के नए एसपी. झाबुआ में ‘3डी अभियान’ से चर्चा में आए थे.

MP News: 2016 बैच के IPS पद्म विलोचन शुक्ला बने बड़वानी के नए पुलिस अधीक्षक

बड़वानी। मध्य प्रदेश गृह विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी पद्म विलोचन शुक्ला को बड़वानी जिले का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया है। वे हाल ही में सेवानिवृत्त हुए अधिकारी के स्थान पर जिले की कमान संभालेंगे। आदेश जारी होने के बाद उनके शीघ्र ही बड़वानी पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने की संभावना है।

पहले भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां

पद्म विलोचन शुक्ला वर्तमान में इंदौर में पुलिस अधीक्षक (रेल) के रूप में पदस्थ थे. इससे पहले वे भोपाल में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (यातायात) और झाबुआ जिले में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. 

अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर कई प्रभावी पहल की थीं. झाबुआ में उनके कार्यकाल को विशेष रूप से सख्त प्रशासन और सामाजिक अभियानों के लिए याद किया जाता है.

झाबुआ में चलाया था ‘3डी अभियान’

झाबुआ जिले में एसपी रहते हुए उन्होंने सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से ‘3डी अभियान’ की शुरुआत की थी. इस अभियान के तहत डीजे की तेज ध्वनि, शराबखोरी और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ कार्रवाई और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए थे. इस पहल को स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी.

कैबिनेट बैठक से पहले मिली जिम्मेदारी

गृह विभाग की यह नियुक्ति ऐसे समय में की गई है, जब बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। पूर्व पुलिस अधीक्षक के सेवानिवृत्त होने के बाद से जिले में प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में कार्य संचालन हो रहा था.