मऊगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: 120 सीसी नशीली कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
मऊगंज पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 सीसी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी मोहित यादव को पकड़ा, जो पहले भी इसी मामले में गिरफ्तार हो चुका था। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। मऊगंज में पुलिस ने अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 सीसी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। नशे की खेप लेकर क्षेत्र में बिक्री करने जा रहे इन तस्करों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने में सफलता हासिल की।
नशे के खिलाफ महा अभियान
यह कार्रवाई आईजी रीवा गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे नशे के खिलाफ महा अभियान के तहत की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार तथा एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह ने मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की।
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 29 मई की तड़के थाना प्रभारी रीना सिंह को सूचना मिली थी कि एक बाइक सवार युवक प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की खेप लेकर पुरानी मऊ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अमोखर गांव के पास घेराबंदी की, जहां बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया।
120 सीसी नशीली कफ सिरप बरामद
पकड़े गए आरोपी के पास मौजूद बड़े थैले की तलाशी लेने पर 120 सीसी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहित यादव (22 वर्ष), निवासी अमोखर थाना मऊगंज बताया। उसने अपने फरार साथी और नशीली सिरप उपलब्ध कराने वाले अन्य तस्करों के नाम भी पुलिस को बताए।
पहले भी गिरफ्तार हो चुका था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहित यादव को चार महीने पहले भी 17 सीसी नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से नशे का कारोबार शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी सहित दो अन्य फरार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

