Mauganj में 500 परिवारों का रास्ता बंद, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहा

मऊगंज के पथरौड़ा कला गांव में सार्वजनिक रास्ता बंद होने से करीब 500 परिवारों के प्रभावित होने का दावा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की, जिसके बाद जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Mauganj में 500 परिवारों का रास्ता बंद, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहा

राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज जिले की नईगढ़ी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पथरौड़ा कला में सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का दावा है कि इस रास्ते से गांव के करीब 500 परिवारों का आवागमन होता था, लेकिन पिछले एक सप्ताह से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध है। इससे गांव की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। परेशान ग्रामीण मंगलवार को बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर रास्ता खुलवाने तथा मामले में कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पथरौड़ा कला में विद्या यादव के घर से छोटेलाल सिंह के घर तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से सार्वजनिक आवागमन के लिए उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2014-15 में तत्कालीन सरपंच पारसनाथ शुक्ला द्वारा सीमावर्ती पट्टेदारों की सहमति से इस रास्ते का निर्माण कराया गया था। इसके बाद से करीब 10 वर्षों से ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन करते आ रहे हैं।

10 जुलाई को रास्ते पर जुताई करने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 10 जुलाई 2026 को गांव के कुछ लोगों ने सार्वजनिक उपयोग वाले इस मार्ग पर ट्रैक्टर से जुताई कर धान की फसल बो दी। आरोप है कि रास्ते के दोनों सिरों पर कंटीले तार और तारबाड़ी लगाकर आवागमन भी रोक दिया गया। इसके कारण गांव के लोगों का इस मार्ग से आना-जाना बंद हो गया है।

स्कूली बच्चों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है, जबकि बीमार और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आवाजाही और कृषि संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

पहले भी की शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत पहले नईगढ़ी पुलिस थाने और तहसीलदार से भी की गई थी, लेकिन अब तक रास्ता खुलवाने की कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की।

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में दावा किया है कि यह मार्ग सार्वजनिक उपयोग का है और इसे बंद किए जाने से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर रास्ता जल्द खुलवाने और नियमों के अनुसार संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर श्री जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार नईगढ़ी को स्थल का निरीक्षण करने, वस्तुस्थिति की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अब ग्रामीणों को प्रशासनिक जांच और कार्रवाई का इंतजार है। उनका कहना है कि रास्ता जल्द खुलने से गांव के सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी।