मऊगंज से मुंबई तक फैला कथित एमडी ड्रग्स नेटवर्क, पांचवां आरोपी गिरफ्तार

मऊगंज के बिझौली गांव से जुड़े कथित एमडी ड्रग्स नेटवर्क की जांच मुंबई तक पहुंच गई है। पुलिस ने मुंबई से सुनील यादव को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मऊगंज से मुंबई तक फैला कथित एमडी ड्रग्स नेटवर्क, पांचवां आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के बिझौली गांव में स्थित एक जर्जर कच्चे मकान से संचालित किए जा रहे कथित एमडी ड्रग्स नेटवर्क का दायरा अब मुंबई तक पहुंच गया है। शाहपुर थाना पुलिस की जांच में सामने आया है कि गांव में कथित रूप से तैयार किया जाने वाला मादक पदार्थ महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था। मामले में पुलिस ने मुंबई से सुनील यादव को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस कथित अंतरराज्यीय गिरोह में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।

पुलिस के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र में कथित एमडी फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद मुख्य आरोपी चंदन सिंह से पूछताछ की गई। उसके मोबाइल और वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान मुंबई निवासी सुनील यादव का नाम सामने आया। पुलिस का दावा है कि पिछले लगभग दो वर्षों से दोनों के बीच संपर्क था और वे मादक पदार्थों की सप्लाई, परिवहन और वितरण से जुड़े थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि बिझौली गांव में तैयार किया गया कथित एमडी ड्रग्स पहले मुंबई में सुनील यादव तक पहुंचाया जाता था, जिसके बाद इसे आगे अन्य राज्यों में वितरित किया जाता था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। पूरे सिंडिकेट की भूमिका और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। जांच आगे बढ़ने पर और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य और केंद्र की एजेंसियों से भी समन्वय किया जा रहा है।