मऊगंज में अतिवृष्टि, खाद संकट और लापता मजदूर को लेकर कांग्रेस का हल्ला-बोल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में कांग्रेस ने की समस्याओं के निराकरण और कार्रवाई की मांग; कच्चे मकान, बिजली बिल, गौवंश और आमजन का मुद्दा भी उठाया
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
जिले में अतिवृष्टि के कारण किसानों और आमजनों को हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर संजय कुमार जैन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिलाल कोल ने सौंपा।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा नईगढ़ी तहसील
ज्ञापन में कांग्रेस ने सबसे प्रमुख मुद्दा नईगढ़ी तहसील का उठाया। कांग्रेस का आरोप है कि एक मजदूर पानी के तेज बहाव में बह गया, जिसका शव अब तक बरामद नहीं हो सका है। कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इसके अलावा कांग्रेस ने जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि से कच्चे मकानों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस ने कहा कि राजस्व विभाग से शीघ्र सर्वे कराया जाए और प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि प्रदान की जाए, ताकि गरीब परिवारों को राहत मिल सके।
बिजली समस्या से लेकर सड़कों पर घूम रहे गौवंश
सड़कों पर घूम रहे निराश्रित और आवारा गौवंश के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी ज्ञापन में चिंता जताई गई। कांग्रेस ने कहा कि नेशनल हाईवे सहित ग्रामीण सड़कों पर गौवंश के बैठे रहने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन इन्हें पकड़कर गौशालाओं में भिजवाने की व्यवस्था करे।
बिजली समस्या को लेकर भी कांग्रेस ने कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में कहा गया है कि आम उपभोक्ताओं को एवरेज बिल के नाम पर बढ़ा-चढ़ाकर बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आमजन परेशान हैं। वहीं, कई गांवों में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। कांग्रेस ने तीन दिनों के भीतर सभी खराब ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
किसानों की खाद समस्या का भी उठाया मुद्दा
किसानों की खाद समस्या को लेकर भी कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिले की समितियों और गोदामों में खाद की किल्लत है और टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि गोदामों की जांच कर किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
निराकरण न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो पार्टी किसानों और आमजनों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। वहीं, एक अन्य ज्ञापन में कांग्रेस ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद आयोजन स्थल के कथित शुद्धिकरण और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में भी उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान सेवादल जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल पटेल, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष उमाकांत पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मृत्युंजय चतुर्वेदी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, अशोक पांडे, शेख मुख्तार सिद्दीकी, वारिश खान, रवि गुप्ता, मधुकर पाण्डेय, अरुण तिवारी, शैलजा पांडे, जेवलाल पटेल, सुरेंद्र गुप्ता, देवेंद्र मिश्रा, अशोक मिश्रा, लल्लू पांडे, विपिन त्रिपाठी, शिवांकित सिंह चौहान, विद्या चरण दुबे, अभय राज बंसल, रामलाल कुशवाहा, सचिन मिश्रा, यश मिश्रा, मलिक पांडे, अर्पित पांडे, संतोष साकेत, उमेश कोल, विकास मिश्रा, आशीष पंडित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
