मऊगंज: नाले में बहा 13 साल का मासूम, 24 घंटे बाद झाड़ियों में मिला शव
मऊगंज के बारी नाले ने छीन ली मासूम देवेंद्र की जिंदगी, शव मिलने के बाद हटवा सोरैहान गांव में पसरा मातम
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हटवा सोरैहान गांव में बुधवार को बारी नाला एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां बहा ले गया। नाले किनारे दोस्तों के साथ गए 13 वर्षीय मासूम का पैर फिसल गया और वह उफनते नाले में समा गया। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार को दिन के करीब 3 बजे उसका शव घटनास्थल से 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला।
मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार सेन पिता राजकुमार सेन उम्र 13 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर देवेंद्र अपने 3-4 साथियों के साथ घूमने के लिए गांव के बाहर बारी नाला की तरफ गया था। लगातार बारिश के कारण नाला पूरी तरह उफान पर था और किनारे मिट्टी में भारी फिसलन थी। इसी दौरान देवेंद्र का अचानक पैर फिसला और वह तेज बहाव में बह गया।
आंखों के सामने दोस्त को बहता देख साथी बच्चे घबरा गए और दौड़कर गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। बेटे के नाले में बहने की खबर सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल लौर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि रेस्क्यू में भारी परेशानी आई। स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने रीवा से SDERF की टीम बुलाई। टीम ने शाम तक नाले के एक-एक कोने को खंगाला, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा।
3 सितंबर, गुरुवार को ग्रामीणों के सहयोग से दोबारा अभियान शुरू हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद SDERF के जवानों ने घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर किशोर का शव बरामद किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मऊगंज भेज दिया है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
Varsha Shrivastava 
