Bhopal: MANIT हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग से छात्रों की तबीयत बिगड़ी, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल
मेस संचालन में बड़ी लापरवाही उजागर, बिना लाइसेंस चल रही थी व्यवस्था; जांच के बाद होगी कार्रवाई
Bhopal: मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) के हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग की शिकायत के बाद कई छात्रों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। हॉस्टल नंबर 9 और 11 में छात्रों की शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेस, रसोई, आरओ प्लांट और पानी की टंकियों का संयुक्त निरीक्षण किया।

आरओ सिस्टम में गंदगी, पानी की गुणवत्ता में कमी
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। आरओ सिस्टम में गंदगी और पानी की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। हॉस्टल-9 की मेस से तुअर दाल, काबुली चना और पानी के नमूने लिए गए, जबकि हॉस्टल-11 से घी, पंपकिन सीड्स, इमली सहित अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

जांच में प्राथमिक रूप से सामने आया कि वैभव फूड्स द्वारा बिना वैध खाद्य लाइसेंस के मेस संचालन किया जा रहा था। वहीं हॉस्टल-11 में कार्यरत केटरिंग एजेंसी के पास भी आवश्यक राज्य स्तरीय खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया।
टीम ने रसोई की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठाए
निरीक्षण के दौरान मेस कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा फूड हैंडलर्स के प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की कमी भी सामने आई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रसोई की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। रसोई परिसर में गंदगी, मकड़ी के जाले और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निरीक्षण जारी रखने की बात कही है।
Varsha Shrivastava 
