Ravi Lakhera Encounter : सागर शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, CM बोले - कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

Ravi Lakhera Encounter : सागर शराब कांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि लखेरा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बरायठा के जंगल में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में रवि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Ravi Lakhera Encounter : सागर शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, CM बोले - कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

Ravi Lakhera Encounter : मध्य प्रदेश के चर्चित सागर शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मुठभेड़ बरायठा के जंगल में हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस घायल रवि को इलाज के लिए बंडा अस्पताल लेकर गई, जहां उसका इलाज जारी है।

रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर

शराब कांड का मुख्य आरोपी रवि लखेरा कई दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह बरायठा के जंगल इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस ने जंगल को घेरकर जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में रवि लखेरा के पैर में गोली लगी। घायल हालत में पुलिस उसे तुरंत बंडा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जहरीली शराब से अब तक 20 से ज्यादा मौतें

सागर शराब कांड में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। जहरीली शराब से अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। हालांकि, प्रशासन अभी भी सतर्कता बरत रहा है। प्रशासन की ओर से 16 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई है। बाकी मौतों को लेकर जांच अभी जारी है।

प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई

इसी बीच नगर पालिका ने बड़ा एक्शन लिया। शराब कांड के आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। नगर पालिका की टीम भारी पुलिस बल के साथ वार्ड नंबर 11 और 12 पहुंची। यहां शराब कांड के आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया।

मोहन सरकार की सख्त कार्रवाई जारी

इस मामले को लेकर मोहन सरकार ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया सागर में पुलिस ने एनकाउंटर की कार्रवाई की है। सरकार का कहना है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले भी अपराधियों के अवैध ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए हमारी सरकार में कोई जगह नहीं है।

रवि लखेरा कौन है?

रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर जिले के महोबा का रहने वाला बताया जाता है। फिलहाल वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, रवि लखेरा लंबे समय से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ था और अंतरराज्यीय स्तर पर शराब की तस्करी करता था। शराब कांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।

रवि पर 25 से ज्यादा आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, रवि लखेरा के खिलाफ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत अलग-अलग जगहों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले आबकारी एक्ट से जुड़े हुए हैं। साल 2025 में भी वह सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। इससे कुछ महीने पहले ललितपुर पुलिस ने उसे एक अवैध शराब फैक्ट्री के मामले में गिरफ्तार किया था।

पुलिस का कहना है कि रवि लखेरा को शराब बनाने की अच्छी जानकारी है। उसे शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसके इस्तेमाल के तरीके की भी जानकारी थी। आरोप है कि वह अपनी टीम के साथ मिलकर नकली शराब बनाने और उसके अवैध कारोबार को चलाने का काम करता रहा है।