मैहर: ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन, ग्रामीणों ने ड्राइवरों को खिलाई मिठाई-पहनाई माला
मैहर जिले के ग्राम सोनवारी में ओवरलोड और बेलगाम वाहनों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है।
मैहर। जिले में सिस्टम की नाकामी और प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ विरोध का एक ऐसा अनोखा तरीका सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जिले के ग्राम सोनवारी में ओवरलोड और बेलगाम वाहनों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है।
दरअसल सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों से आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद जब प्रशासन ने कोई सख्ती नहीं दिखाई, तो सोनवारी ग्रामीणों का गुस्सा एक अलग अंदाज में फूटा है। उन्होंने सड़क पर उतरकर ट्रकों और हाइवा को रोका है। लोगों ने विरोध जताने के लिए ड्राइवरों को फूलों की माला पहनाई, चंदन का तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया है।
प्रशासन पर ग्रामीणों का तंज
ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रशासन पर तीखा तंज कसा और ड्राइवरों से कहा कि आप मैहर प्रशासन के पूर्ण सहयोग से इस सड़क पर मोक्षदायिनी विमान दौड़ा रहे हैं, इसके लिए आपका कोटि-कोटि धन्यवाद! आम जनता को कीड़े-मकोड़े समझकर यूं ही कुचलते रहिए, प्रशासन आपके साथ है।
शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन
समाजसेवी उमाकांत उपाध्याय ने बताया कि ये ओवरलोड वाहन खुलेआम हादसों को न्योता दे रहे हैं। आम आदमी की जान सस्ती और गाड़ियों की रफ्तार महंगी हो गई है। हजारों शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।इस अनोखे प्रदर्शन ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है।
Varsha Shrivastava 
