मैहर में बनेगा उस्ताद अलाउद्दीन खां की विरासत को समेटने वाला भव्य म्यूजियम, MP टूरिज्म के ACS ने किया निरीक्षण
मैहर की संगीत विरासत को मिलेगा नया मंच, बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां के जीवन पर बनेगा आधुनिक संग्रहालय, MP टूरिज्म के ACS ने किया मदीना भवन का निरीक्षण
मैहर। संगीत सम्राट बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां की संगीत विरासत को संरक्षित करने और देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में मैहर में बड़ी पहल की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने मदीना भवन पहुंचकर संग्रहालय का बारीकी से निरीक्षण किया।
मैहर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां से जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने बाबा द्वारा तैयार किए गए मैहर बैंड, नल तरंग सहित उनके द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले वाद्य यंत्रों और अन्य सामग्री के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार इन्हीं धरोहरों को केंद्र में रखते हुए मैहर में एक बड़े और आधुनिक संग्रहालय के विकास की तैयारी की जा रही है।
इस दौरान एसीएस ने अधिकारियों को संग्रहालय के विकास और पुनरुद्धार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, एसडीएम दिव्या पाटिल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, समाजसेवी डॉ. कैलाश जैन और मदीना भवन के ट्रस्टी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मदीना भवन पहुंचने पर शिव शेखर शुक्ला ने बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां की मजार पर मत्था टेका और अकीदत के फूल अर्पित किए।
बाबा के जीवन के अलग-अलग अध्यायों को मिलेगा स्थान
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने बताया कि एसीएस ने म्यूजियम का निरीक्षण किया है। संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन और बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां के वंशजों के सहयोग से म्यूजियम को नए स्वरूप में विकसित करने की योजना है। इसमें बाबा के जीवन के अलग-अलग अध्यायों को अलग-अलग सेक्टर में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा के वंशजों से भी बातचीत कर उनसे जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं और धरोहरों को संग्रहालय में लाने का प्रयास किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि मैहर आने वाले पर्यटक फिलहाल मां शारदा मंदिर के दर्शन के बाद लौट जाते हैं। ऐसे में बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां के म्यूजियम के साथ मुकुंदपुर और मार्कंडेय आश्रम जैसे पर्यटन स्थलों को जोड़कर एक व्यापक पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना है। इससे पर्यटकों का मैहर में ठहराव बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
Varsha Shrivastava 
