मैहर में शक्तिपर्व की धूम: ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ भजन पर झूम उठे दर्शक, SP के भजन ने बांधा समां

मां शारदा मंदिर प्रांगण में भक्ति गायन और नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियां, ‘अंगना पधारो महारानी मोरी शारदा भवानी...’ ने बांधा समां

मैहर में शक्तिपर्व की धूम: ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ भजन पर झूम उठे दर्शक, SP के भजन ने बांधा समां

मैहर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार शाम मां शारदा देवी मंदिर प्रांगण में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से ‘शक्तिपर्व’ का आयोजन किया गया, जो कि देर रात चला। भक्ति गायन, लोक संगीत और देवी शक्ति पर आधारित नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत भजनों पर दर्शक झूम उठे।

खास तौर पर ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ गीत ने खूब समां बांधा। कार्यक्रम का शुभारंभ मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद कलाकारों ने देवी आराधना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन में श्रद्धालुओं और दर्शकों ने भक्ति संगीत का आनंद लिया।

देवी गीतों और नृत्य-नाटिका ने मोहा मन

लोक भक्ति गायन के अंतर्गत रीवा की रीता तिवारी और उनके साथियों ने देवी गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, मुंबई से आए अरविंद कुमार पटेल और उनके साथियों ने मां आदिशक्ति पर आधारित नृत्य-नाटिका का मंचन किया।

कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देवी शक्ति की महिमा को मंच पर जीवंत किया। इसके अलावा रवि त्रिपाठी और उनके साथियों ने भक्ति गायन की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ गीत के दौरान दर्शक उत्साह से झूमते नजर आए।

SP ने भजन गाकर बांधा समां

कार्यक्रम का एक खास आकर्षण पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह का भजन गायन रहा। उन्होंने ‘अंगना पधारो महारानी मोरी शारदा भवानी’ भजन प्रस्तुत किया। उनकी इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और माहौल को भक्तिमय बना दिया।

अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

शक्तिपर्व कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय, नायब तहसीलदार शिवभूषण सिंह सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और दर्शक उपस्थित रहे। शारदीय नवरात्रि के दौरान आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में संगीत और नृत्य के माध्यम से मां शारदा की आराधना की गई।