Itarsi News : 3 बच्चियों की उल्टी-दस्त से मौत, 2 ने इंदौर में और तीसरी ने इटारसी में तोड़ा दम

Itarsi News : इटारसी में फ़ूड पॉइजनिंग की वजह से एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत हो गई। इटारसी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

Itarsi News : 3 बच्चियों की उल्टी-दस्त से मौत, 2 ने इंदौर में और तीसरी ने इटारसी में तोड़ा दम

Itarsi News : मध्य प्रदेश। नर्मदापुरम जिले के इटारसी में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत हो गई। दो बच्चियों की इंदौर में मौत के बाद परिजन उनके शव लेकर एंबुलेंस से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान तीसरी बच्ची की तबीयत इटारसी के पास अचानक बिगड़ गई। उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल पहुंचते ही शुरू हुआ इलाज

तीसरी बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. प्रियंक मिश्रा के अनुसार, परिजन 10 वर्षीय आशी को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बच्ची को सुखतवा सीएससी से रेफर किया गया था।

अस्पताल पहुंचने के समय वह बेहोशी की हालत में थी। उसकी स्थिति काफी गंभीर थी। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने तत्काल उसका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद करीब 45 मिनट से एक घंटे के भीतर बच्ची ने दम तोड़ दिया।

दो बहनों की पहले ही हो चुकी थी मौत

इंदौर में अचानक बिगड़ी थी दोनों की तबीयत। पुलिस के अनुसार परिवार मूल रूप से रायपुर, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार इंदौर के बेटमा क्षेत्र में रह रहा था। परसों रात परिवार ने एक साथ खाना खाया था।

इसके बाद रात में दो बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल ले जाया गया। वहां दोनों की मौत हो गई। परिवार में 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की मौत पहले ही हो चुकी थी।

शव लेकर रायपुर जा रहा था परिवार

रास्ते में तीसरी बच्ची की हालत बिगड़ी। दोनों बच्चियों की मौत के बाद परिजन एक एंबुलेंस से उनके शव लेकर रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान इटारसी से कुछ दूरी पर 10 वर्षीय आशी की तबीयत अचानक खराब हो गई।

परिजनों ने उसे तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। शाम करीब 6 बजे बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

परिवार में माता-पिता और तीन बेटियां

तीनों बेटियों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़। इस घटना में 50 वर्षीय पिता नरेंद्र सिंह और 35 वर्षीय मां अमरावतिन की तीनों बेटियों की मौत हुई है। मृतकों में 10 वर्षीय आशी, 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि शामिल हैं।

एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद संदिग्ध फूड पॉइजनिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बेटमा पुलिस को भेजी जाएगी केस डायरी

इटारसी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि घटना का मूल संबंध इंदौर के बेटमा क्षेत्र से है। इसलिए इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया है।

मामले से संबंधित डायरी आगे की जांच के लिए बेटमा पुलिस को भेजी जाएगी। पुलिस अब बच्चियों की तबीयत बिगड़ने, उनके इलाज और परिवार द्वारा खाए गए भोजन सहित अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।