दतिया का दंगल: कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर जताया भरोसा, भाजपा के आशुतोष तिवारी से होगा सीधा मुकाबला
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने पूर्व विधायक और दतिया राजघराने के मुखिया घनश्याम सिंह को टिकट दिया
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपना प्रत्याशी का ऐलान शनिवार देर शाम किया। पार्टी ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। घनश्याम सिंह दतिया के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष और दतिया राजघराने के मुखिया हैं।

इसी के साथ अब दतिया में तस्वीर साफ हो गई है। 30 जुलाई को कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच सीधा मुकाबला होगा। इधर, घनश्याम सिंह का नाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी का माहौल है। वहीं, कांग्रेस उम्मीवार का कहना है कि उन्होंने पूरी तैयारी कर ली है। कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, इस उपचुनाव में सपा कांग्रेस के साथ देगी।
सीएम हाउस में नरोत्तम के साथ दिग्गजों की बैठक
दतिया में उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है। जिसके बाद से उनके समर्थक नाराज है। शनिवार को नरोत्तम मिश्रा के भोपाल पहुंचने के बाद देर रात सीएम हाउस में बैठक हुई। इस बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर मौजूद थे।

नेताओं से चर्चा के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा- दतिया में कुछ नाराज कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दिया है, ऐसी जानकारी मिली है पर इस्तीफा नहीं मिला है और भाजपा ने तय किया है कि किसी का इस्तीफा मंजूर नहीं किया जाएगा। बीजेपी ने दतिया उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है और पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जीतेगी।
Varsha Shrivastava 
