छिपकली के काटने से महिला की मौत,जांच में जुटी पुलिस
मऊगंज के हनुमना थाना क्षेत्र में छिपकली के काटने की बात कहने के बाद 36 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया, मौत के असली कारणों की जांच जारी है।
रिपोर्टर: राजेंद्र पयासी, मऊगंज
जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जड़कुड़ गांव निवासी एक 36 वर्षीय महिला फूलकली बैगा पत्नी रामसुंदर बैगा की तथाकथित छिपकली काटने के कारण सिविल हॉस्पिटल मऊगंज उपचार के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार फूलकली रात में खाना खाकर सो रही थीं। देर रात उसने शरीर में बेचैनी की बात परिवार जनों को बताई, परिजनों के अनुसार महिला ने बताया कि उसे छिपकली काट ली है।

हालत बिगड़ते ही परिजन उसे तुरंत मऊगंज सिविल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार को महिला की मौत हो गई।
तथाकथित छिपकली काटने से बिगड़ी तबीयत और उपचार के दौरान कोई मौत की सूचना मिलते ही पिपराही चौकी पुलिस मऊगंज सिविल अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र पटेल ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

