भोपाल में बेकाबू टैंकर का कहर, दीवार तोड़ते हुए घर में जा घुसा: 7 साल की मासूम बच्ची की मौत, 4 लोग गंभीर घायल
छोला मंदिर इलाके में एलपीजी टैंकर दीवार तोड़ते एक घर में जा घुसा, हादसे में 7 साल की मासूम बच्ची की मौत। माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल।
भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित सीएनजी/एलपीजी टैंकर बस्ती में घुस गया। यह हादसा रात करीब 2:20 बजे हुआ, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वह सीधे एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। इस हादसे में 7 साल की मासूम बच्ची खुशी गेहार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची टैंकर के पहिये के नीचे काफी देर तक दबी रही, जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
हादसे में बच्ची के माता-पिता और भाई सहित परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके अलावा आसपास के दो अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से पीपुल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही छोला मंदिर और निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को जब्त कर लिया। हालांकि, आरोपी चालक हादसे के बाद से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश जारी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा शहर में भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Varsha Shrivastava 
