मऊगंज में साप्ताहिक जनसुनवाई में 79 आवेदनों पर हुई सुनवाई

मऊगंज में साप्ताहिक जनसुनवाई में 79 आवेदनों पर हुई सुनवाई कलेक्टर संजय कुमार जैन ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

मऊगंज में साप्ताहिक जनसुनवाई में 79 आवेदनों पर हुई सुनवाई

राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने उपस्थित सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है। निराकरण के बाद आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराना भी अनिवार्य होगा, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सके।

जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत, विद्युत, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांगें प्रस्तुत की गईं। 

विद्युत विभाग से जुड़े मामलों में घुरेहटा निवासी अनिल तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद भी उनके बंद विद्युत कनेक्शन का बिल लगातार जारी किया जा रहा है। उन्होंने कनेक्शन समाप्त कर बकाया बिल माफ किए जाने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर ने सहायक यंत्री विद्युत विभाग को तत्काल मौके पर जाकर स्थिति का परीक्षण कर उचित मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम दादर पश्चिमी निवासी शिवशंकर साकेत ने बताया कि ग्राम में स्वीकृत विद्युत ट्रांसफार्मर तीन माह पूर्व स्वीकृत होने के बाद भी स्थापित नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को प्रकरण की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों में ग्राम डिड़िया पड़ान निवासी सत्यनारायण साकेत ने शासकीय भूमि पर जबरन रास्ता निकालने एवं मिट्टी डलवाकर विवाद उत्पन्न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।


पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित शिकायत में ग्राम पंचायत रकरी निवासी राजकुमार साकेत ने प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितता, हितग्राहियों की मजदूरी राशि एवं शासकीय धनराशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया। आवेदक ने निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कार्यवाही की मांग की। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मऊगंज को प्रकरण की गहन जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में मऊगंज जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कंधवार के ग्राम बड़ैया लोढ़ के ग्रामीणों ने श्मशान एवं सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाकर आवागमन बहाल कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। नगर परिषद मऊगंज के वार्ड क्रमांक-8 सुंदरपुरवा के रहवासियों ने वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराए जाने की मांग की। कलेक्टर श्री जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी मऊगंज को क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही अभियान के रूप में की जाए। नगर परिषद एवं अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों में मानसून के दृष्टिगत जल निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता से पूर्ण की जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में आए कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का प्रयास है कि जनसुनवाई के माध्यम से आमजन को राहत मिले और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन जमीनी स्तर पर दिखाई दे।