दिल्ली में 5 मंजिला बिल्डिंग गिरी, कई लोग और गाड़ियां मलबे में दबी

building collapses in Delhi : दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास इमारत के गिरने से हड़कंप मच गया है। इस घटना में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

दिल्ली में 5 मंजिला बिल्डिंग गिरी, कई लोग और गाड़ियां मलबे में दबी

building collapses in Delhi : दिल्ली में हो रही लगातार बारिश के बीच बड़ी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे 5 मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। जानकारी के अनुसार, इस बिल्डिंग में पीजी संचालित होता था। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. स्थानीय लोग भी हथौड़ों की मदद से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। मलबे में कुछ गाड़ियों के दबे होने की भी जानकारी सामने आई है।

दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद

फायर डिपार्टमेंट की 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं. राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं. शुरूआती जानकरी के अनुसार 3 से 4 लोगों को  मलबे से निकाला भी जा चुका है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमारत में रहने वाले छात्रों में कुछ के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय कितने लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। एहतियात के तौर पर आसपास की अन्य इमारतों को भी खाली करा लिया गया है।

विधायक ने लिया हालात का जायजा

आरके पुरम के विधायक अनिल शर्मा ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए घटना को दुखद बताया है। उन्होंने कहा हम भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं, और सीएम ने यहां टीम भेज दी है। सरकार बहुत परेशान है और स्टूडेंट्स को बचाने पर फोकस कर रही है। 

सीएम की स्थिति पर कड़ी नजर

सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुःख जताया है. सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आरके  पुरम स्थित सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से हम बेहद चिंतित हैं। डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, सीएटीएस और नागरिक सुरक्षा की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। एहतियात के तौर पर पास की इमारत को खाली करा लिया गया है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां ​​समन्वय में काम कर रही हैं। प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

NSUI का फूटा सरकार पर गुस्सा

इस हादसे को लेकर NSUI की प्रतिक्रिया भी सामने आई  है। NSUI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ' दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर बेहद चिंताजनक है। मलबे में DU के छात्रों के दबे होने की जानकारी सामने आ रही है। NSUI ने आगे लिखा, 'छात्रों और आम लोगों की सुरक्षा के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। NSUI ने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।