सिंगरौली में खाद संकट पर कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय घेराव, 15 दिन में समाधान नहीं तो उग्र आंदोलन
सिंगरौली में खाद संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। 15 दिन में समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सिंगरौली. जिले में खाद की कमी, किसानों की समस्याओं और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण सिंगरौली ने संयुक्त रूप से कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि एवं एसडीएम सिंगरौली को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने जिले में खाद की किल्लत, ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को हो रही परेशानी, फार्मर आईडी नहीं बनने और सत्यापन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खाद वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं के कारण किसान परेशान हैं और बिचौलियों द्वारा कालाबाजारी कर अधिक कीमत वसूली जा रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि भारी बारिश के बीच किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कई विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है और यदि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो 15 दिन बाद कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सरस्वती सिंह ने भी सरकार पर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और आम लोगों को अपने कार्य कराने के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Anubhav Dubey 
