दो थप्पड़ के बदले किसान की गोली मारकर हत्या

सतना के बारापत्थर गांव में पैरोल से फरार हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव ने छोटे भाई को थप्पड़ मारने के बदले किसान अभय यादव की गोली मारकर हत्या की। CCTV में नकाबपोश हमलावर दिखे, पुलिस की 3 टीमें तलाश में जुटीं।

दो थप्पड़ के बदले किसान की गोली मारकर हत्या

 सतना: सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव में एक छोटे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पैरोल से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश चंदन यादव ने अपने छोटे भाई शरद यादव को थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए किसान अभय उर्फ बबलू यादव (50) की हत्या कर दी। 

घटना 5 मार्च की रात करीब 9:30 बजे हुई, जिसमें आरोपी ने पीड़ित पर 5 गोलियां दागीं , दो पीठ में, एक-एक पेट, गर्दन और पसली में। ज्यादा खून बहने से मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV फुटेज ने खोली वारदात की पूरी पोल: 
सामने आए CCTV फुटेज में तीन नकाबपोश हमलावर बाइक पर गांव पहुंचते दिख रहे हैं। दो आरोपी पिस्टल लोड करते हुए पीड़ित के घर में घुसते हैं, जबकि तीसरा बाइक स्टार्ट करके बाहर खड़ा रहता है। कुछ ही सेकंड बाद ताबड़तोड़ गोलियों की आवाजें सुनाई देती हैं। हमलावर छत पर सो रहे अभय यादव पर फायरिंग करते हैं। हत्या के बाद आरोपी मृतक के बेटे राणा यादव (25) की किराना दुकान पर पहुंचे और वहां भी फायरिंग की, जिसमें राणा के दाहिने पैर में दो गोलियां लगीं। वह गंभीर रूप से घायल है और सतना के निजी अस्पताल में भर्ती है।

हत्या की वजह: 
मामूली रंजिश, पुलिस जांच के अनुसार, 4 मार्च को शरद यादव ने मोहल्ले में गाली-गलौज की थी। अभय यादव ने उसे फटकार लगाई और दो थप्पड़ मार दिए। अपमानित शरद ने फरार भाई चंदन से संपर्क किया और बदला लेने की साजिश रची। अगले दिन चंदन यादव 5-6 साथियों के साथ गांव पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी कौन:
मुख्य आरोपी चंदन यादव – हिस्ट्रीशीटर, जिस पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दिसंबर 2025 में जेल से 1 महीने की पैरोल पर बाहर आया था, लेकिन समय पर वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। 3 टीमें गठित कर छापेमारी जारी है।

पुलिस का बयान:
सतना एसपी प्रेम लाल कुर्बे ने मामले की पुष्टि की है और कहा है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते अपराध और पैरोल दुरुपयोग पर सवाल खड़े कर रही है।