राहगीरों को टक्कर मारने वाली कार से शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
कोठी शराब दुकान से मैहर ले जाई जा रही थी शराब की खेप कार पलटने से पकड़ी गई, ठेकेदार की भूमिका जांच के दायरे में
सतना। बुधवार की रात सतना- कोठी सड़क मार्ग में दो राहगीरों को टक्कर मारकर अनियंत्रित होकर पलटी कार में 600 पाव शराब मिली। पुलिस ने शराब से लोड कार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि रात 11 बजे सूचना मिली कि कोठी मार्ग में बगहा के पास कार ने धीरज नामदेव और एक अन्य को टक्कर मार दी है। टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। स्थानीय लोगों ने कार सवारों को पकड़ लिया। कार में शराब लोड थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार से लोड दुर्घटनाग्र्रस्त कार को जब्त कर आरोपी नीरज पाठक पिता रामाश्रय पाठक निवासी उचेहरा और शक्ति समदरिया को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी नीरज पाठक ने बताया कि बुधवार की शाम 7 बजे के करीब अपने साथी शक्ति समदरिया और कार चालक शोभित हलवाई के साथ संकटमोचन के पीछे उचेहरा के पास जाकर गाड़ी में लदी शराब अनलोड करनी थी।
शराब को कोठी स्थित शराब दुकान से खरीदा गया था। शराब को मैहर कस्बे में सप्लाई करना था। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर 400 पाव देशी शराब और 200 पाव अंग्रेजी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 80 हजार रुपए से ज्यादा है। पुलिस ने बताया कि कोठी शराब दुकान का ठेका अमित शर्मा के नाम बताया गया है। शराब तस्करी में ठेकेदार की भूमिका की जांच की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
