नहर में डूबे दो नाबालिगों में से एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
सतना के रामपुर बघेलान की पुरवा नहर में डूबे दो नाबालिगों में से एक, आर्यन मिश्रा का शव 56 घंटे बाद घटनास्थल से 12 किलोमीटर दूर मिला है। पुलिस और प्रशासन द्वारा नहर का पानी बंद करवाकर दूसरे किशोर, आयुष विश्वकर्मा की तलाश अभी भी जारी है।
सतना में नहर में डूबे दो नाबालिगों में से एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी। घटना के 56 घंटे बाद एक किशोर का शव घटनास्थल से करीब 12 किलोमीटर दूर मिला।
सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम चोरमारी में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया था, जब दो नाबालिग पुरवा नहर में नहाने के दौरान डूब गए। जानकारी के अनुसार, आर्यन मिश्रा (15), पिता संजीव मिश्रा (निवासी चोरमारी) और आयुष विश्वकर्मा (13), पिता सूर्यवली विश्वकर्मा, दोपहर करीब 2 बजे नहर में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नहर किनारे काफी देर तक तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पिछले 56 घंटे से नहर में किशोरों की तलाश जारी रही और आखिरकार आज आर्यन का शव घटनास्थल से 12 किलोमीटर दूर नेमुआ गांव में मिला, जबकि दूसरे किशोर की तलाश अब भी जारी है। दोनों कक्षा नौवीं के छात्र थे। फिलहाल नहर का पानी बंद करा दिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

