Raisen Jail Firing : रायसेन जेल में कैदी ने प्रहरी को मारी गोली, हालत गंभीर; बंदूक पहुंचने पर उठे सवाल

Raisen Jail Firing : जेल में बंद विचाराधीन कैदी नीलेश निर्वेदी ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर गोली चलाई। बताया जा रहा है कि कैदी जेल का गेट खुलवाकर भागने का प्रयास कर रहा था।

Raisen Jail Firing : रायसेन जेल में कैदी ने प्रहरी को मारी गोली, हालत गंभीर; बंदूक पहुंचने पर उठे सवाल

Raisen Jail Firing : मध्य प्रदेश। रायसेन में जिला जेल के अंदर बुधवार को गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। यहां बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को गोली मार दी। गोली लगने के बाद प्रहरी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर कर दिया। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदी के पास हथियार पहुंचने को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जेल गेट खोलकर भागने की कोशिश का आरोप

जानकारी के अनुसार, जेल में बंद विचाराधीन कैदी नीलेश निर्वेदी ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर गोली चलाई। बताया जा रहा है कि कैदी जेल का गेट खुलवाकर भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसने प्रहरी को गोली मार दी। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

फलों की टोकरी लेकर गेट पर पहुंचा था कैदी

बताया जा रहा है कि कैदी नीलेश निर्वेदी फलों की टोकरी उठाने के लिए जेल के गेट के पास आया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर गोली चला दी। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं। 

जेल प्रहरी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया

गोली लगने के बाद दिग्विजय सिंह तोमर को उनके साथियों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत नाजुक बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि, बुधवार को जिला जेल में स्कूली बच्चों से जुड़ा रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी कार्यक्रम के चलते जेल परिसर में तैयारियां चल रही थीं। 

धारा 307 के मामले में आरोपी है कैदी

नीलेश निर्वेदी बरेली के पास दिमाड़ा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह एक मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत आरोपी है और फिलहाल विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद था। गोलीकांड के बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।