4 सितंबर को पूरे मध्यप्रदेश में मनेगा श्रीकृष्ण पर्व, 55 जिलों के 111 स्थानों पर होंगे सांस्कृतिक आयोजन

मध्यप्रदेश में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण पर्व मनाया जाएगा. 55 जिलों के 111 स्थानों पर सांस्कृतिक आयोजन होंगे. 7500 से ज्यादा मंदिरों में विशेष सजावट होगी.

4 सितंबर को पूरे मध्यप्रदेश में मनेगा श्रीकृष्ण पर्व, 55 जिलों के 111 स्थानों पर होंगे सांस्कृतिक आयोजन

भोपाल। मध्यप्रदेश में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर ‘श्रीकृष्ण पर्व’ मनाया जाएगा. प्रदेश के 55 जिलों के 111 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन आयोजनों में प्रदेशभर के 1500 से अधिक स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर प्रदेश के 7500 से अधिक श्रीकृष्ण मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की जाएगी. इस बार कार्यक्रमों की थीम ‘घर-घर गोकुल, घर-घर गोपाल’ रखी गई है.

मुख्यमंत्री निवास पर होगा विशेष आयोजन

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास पर भी आयोजित किया जाएगा. यहां 101 बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बच्चों से मुलाकात करेंगे और उन्हें माखन-मिश्री तथा लड्डू गोपाल की मूर्ति भेंट करेंगे. मुख्यमंत्री निवास के आयोजन में पारंपरिक ‘मटकी फोड़’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. इसके साथ ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे.

जन्मोत्सव के बाद जानापाव में होगा भूमिपूजन

मुख्यमंत्री निवास के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जानापाव पहुंचेंगे. यहां परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य श्रीकृष्ण से जुड़े प्रदेश के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना है. इसके जरिए इन स्थलों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है.

1500 से ज्यादा कलाकार देंगे प्रस्तुति

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाले श्रीकृष्ण पर्व के आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा. 1500 से अधिक कलाकार भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे.

संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि प्रदेशभर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. सरकार का प्रयास है कि आयोजन में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी प्रमुखता मिले.

7500 से ज्यादा मंदिरों में होगी सजावट

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर प्रदेश के 7500 से अधिक श्रीकृष्ण मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जाएगा. मंदिरों में धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. इस तरह 4 सितंबर को पूरे प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उत्सव एक साथ देखने को मिलेगा.

सीएम हाउस में 1 हजार बाल गोपाल होंगे शामिल

रविंद्र भवन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 अगस्त को सीएम हाउस में दोपहर दो बजे 1 हजार से अधिक बाल गोपाल श्रीकृष्ण की वेशभूषा में शामिल होंगे. जिसमें इस्कॉन मंदिर के माध्यम से गोपाल कृष्ण का अभिषेक होगा. सीएम डॉ मोहन यादव के द्वारा बाल गोपालों को माखन, मिश्री, लड्डू गोपाल का विग्रह, हर घर गोकुल के प्लेकार्ड और मोर के पंख भेंट करेंगे.