जीआईएस आधारित नवाचार के लिए मध्यप्रदेश को ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’

मध्यप्रदेश को GIS आधारित नवाचार के लिए ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’ मिला है। नगरीय विकास विभाग के गरुड़ सिस्टम के बेहतर उपयोग के लिए यह सम्मान दिया गया।

जीआईएस आधारित नवाचार के लिए मध्यप्रदेश को ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’

भोपाल। नगरीय विकास में सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के लिए मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा विकसित गरुड़ (GIS Based Urban Data Analytics Centre) के बेहतर उपयोग के लिए मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठित ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने मध्यप्रदेश की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया। एसरी इंडिया के निदेशक अजेन्द्र कुमार ने उन्हें अवार्ड प्रदान किया।

क्या है गरुड़ सिस्टम?

गरुड़ एक एकीकृत जीआईएस आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए नगरीय निकायों से जुड़े शहरी और राजस्व संबंधी आंकड़ों को एक ही मंच पर एकीकृत किया जा रहा है। इन आंकड़ों का मानचित्र आधारित विश्लेषण कर योजनाओं की निगरानी और डेटा आधारित निर्णय लेने में मदद मिल रही है।

इस तकनीक के जरिए नगरों में संपत्ति और राजस्व से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण, अपंजीकृत और संभावित नई संपत्तियों की पहचान तथा राजस्व बढ़ाने से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन किया जा रहा है।

शहरी सेवाओं की निगरानी भी होगी आसान

गरुड़ के माध्यम से जलापूर्ति और सीवरेज नेटवर्क, भूमि उपयोग, अतिक्रमण, भवन अनुज्ञा और नगरीय अधोसंरचना की निगरानी को भी प्रभावी बनाया गया है। इसके तहत विकसित पर्यवेक्षण प्रणाली से नगरीय सेवाओं और अधोसंरचना की स्थिति का मानचित्र के जरिए विश्लेषण किया जा सकता है।

इससे नगरीय निकायों को अपनी परिसंपत्तियों की निगरानी, शहरी सेवाओं के प्रबंधन और योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग में सहायता मिल रही है।

‘तकनीक आधारित सुशासन की पहचान’

आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि यह सम्मान मध्यप्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन और आधुनिक नगरीय प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उन्होंने कहा कि गरुड़ के माध्यम से आंकड़ों को निर्णय लेने का प्रभावी आधार बनाया जा रहा है।