मीडिया महाकुंभ 2026: हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, 50 पत्रकार सम्मानित

Singrauli में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “मीडिया महाकुंभ 2026” राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने 21 शोध पत्र प्रस्तुत किए।

मीडिया महाकुंभ 2026: हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, 50 पत्रकार सम्मानित

हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर सिंगरौली जिला एक बड़े बौद्धिक समागम का गवाह बना। एनसीएल खड़िया परियोजना के डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक मनोरंजन केंद्र में “मीडिया महाकुंभ 2026” के अंतर्गत राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर) एवं नंदनी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महाकुंभ में देश के जाने-माने शिक्षाविदों, राजनेताओं और पत्रकारों ने शिरकत की।

दिग्गजों के बोल: पत्रकारिता सिर्फ सूचना नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी..
कार्यक्रम में देश की नामचीन हस्तियों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी साख पर अपने विचार साझा किए- पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का सबसे सशक्त मंच है। युवा शोधार्थियों और पत्रकारों को हमेशा सत्यनिष्ठ पत्रकारिता के पथ पर चलना चाहिए।

  • राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा (उ.प्र. सरकार): ऑनलाइन माध्यम से जुड़ते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता देश की सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता की महत्वपूर्ण धुरी रही है।
  • प्रो. डॉ. बाला लखेंद्र (मुख्य वक्ता, BHU): उन्होंने कहा कि पिछले 200 वर्षों में हिंदी पत्रकारिता ने समाज को दिशा दी है। आज के डिजिटल युग में मीडिया की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं, इसलिए निष्पक्षता सबसे जरूरी है।
  • भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह व SDA अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल: उन्होंने पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताते हुए निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।

50 पत्रकारों को 'मीडिया गौरव' और 10 को 'उत्कृष्ट सेवा सम्मान'..
इस गरिमामयी समारोह में पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव रंजीत कुमार राय द्वारा अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

  1. 50 पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए “मीडिया गौरव सम्मान” से नवाजा गया।
  2. 10 समाजसेवियों को समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” दिया गया।

शोधार्थियों ने पेश किए 21 रिसर्च पेपर..
यह आयोजन सिर्फ सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें गंभीर अकादमिक विमर्श भी हुआ। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए शिक्षाविदों और शोध छात्रों द्वारा वर्तमान मीडिया परिदृश्य और इसके इतिहास को लेकर 21 शोध पत्र (Research Papers) प्रस्तुत किए गए एनसीएल खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक के.डी. जैन एवं परियोजना अधिकारी राकेश अवस्थी ने भी इस बात पर जोर दिया कि मीडिया समाज और उद्योगों के बीच सकारात्मक संवाद का एक बड़ा जरिया है।

इनका रहा विशेष सहयोग और उपस्थिति..
कार्यक्रम को भव्य बनाने में एनसीएल सिंगरौली और खड़िया क्षेत्र का विशेष सहयोग रहा। मंच का सफल संचालन डॉ. आनंदप्रिया सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनोद पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से मां ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी श्लोकी मिश्रा, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. उदय नारायण पांडेय, विश्वजीत सिंह, खुशहाल सिंह, अभय सिंह, प्रमोद तिवारी, एनसीएल सीएसआर अधिकारी अमरेंद्र कुमार सहित भारी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी और शोधार्थी उपस्थित रहे।