पटेहरा टीकट गांव में झाड़ियों में आग, फायर ब्रिगेड ने फसल बचाई
मऊगंज के पटेहरा टीकट गांव स्थित झाड़ियों में लगी आग से मची अफरा-तफरी। फायर ब्रिगेड टीम की मुस्तैदी से रिहायशी इलाका एवं किसानों की न केवल खड़ी फसल बची, बल्कि आगजनी से बड़ी दुर्घटना टल गई।
मऊगंज जिले के हनुमना तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पटेहरा टीकट गांव में बीती शाम झाड़ियों में लगी आग से हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलते हुए खेतों की ओर बढ़ने लगी, लेकिन समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने बड़ी तबाही टाल दी।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक गांव के बाहरी हिस्से में झाड़ियों में आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं और पास के खेतों तक पहुंच गईं, जहां कमलेश प्रजापति सहित कई किसानों की खड़ी फसल मौजूद थी। आग बढ़ती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस डायल 112 पर सूचना दी।

इधर सूचना मिलते ही मऊगंज से दमकल वाहन मौके पर रवाना किया गया। दमकल चालक घनश्याम और उनकी टीम ने पहुंचते ही मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसानों की सैकड़ों बीघा खड़ी फसल को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
हालांकि आग की चपेट में आने से आसपास के कई छोटे-बड़े पेड़ और झाड़ियां झुलस गईं। गनीमत रही कि आग रिहायशी इलाके तक नहीं पहुंची। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

