ईश्वर दास रोहाणी की जयंती पर विधानसभा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सीएम मोहन यादव और अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया नमन
भोपाल विधानसभा परिसर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में मंगलवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, रोहाणी के परिजन, विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सार्वजनिक जीवन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति योगदान को याद किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दास रोहाणी ने वर्ष 1993 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता और इसके बाद लगातार चार बार जबलपुर से विधायक चुने गए. उन्होंने कहा कि रोहाणी का विधानसभा के भीतर प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा. उन्होंने सदन की गरिमा बनाए रखते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा तथा उनके कार्यों का स्मरण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा.

क्या बोले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर?
वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी ने अपने कार्यकाल के दौरान दृढ़ता, निष्पक्षता और गरिमा के साथ दायित्वों का निर्वहन किया. उन्होंने सदन की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित किया और जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की आवाज को मजबूती से उठाया. तोमर ने कहा कि रोहाणी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि था और उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.

