अशोकनगर में खाद संकट को लेकर किसानों का चक्काजाम, HDFC चौराहे पर घंटों हंगामा, पुलिस ने खुलवाया जाम
अशोकनगर में खाद की कमी और कालाबाजारी से नाराज किसानों ने HDFC चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। भारी पुलिस बल की समझाइश और खाद आपूर्ति के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
अशोकनगर। जिले में खाद की कमी और कथित कालाबाजारी से परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर देखने को मिला। शहर के प्रमुख HDFC चौराहे पर सैकड़ों किसानों ने बीच सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। जरूरत के समय पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जबकि कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसी समस्या के विरोध में किसानों ने चौराहे पर धरना देते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चक्काजाम के चलते HDFC चौराहे के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किसानों से बातचीत की गई। अधिकारियों ने किसानों को खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित कराने और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद किसान जाम हटाने के लिए तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया और आवागमन बहाल किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
shivendra 
