Sagar Spurious Liquor : सागर में जहरीली शराब पीने से 12 की मौत, पुलिस महकमें में हड़कंप

Sagar Spurious Liquor : सागर के बंडा इलाके में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई है। मृतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Sagar Spurious Liquor : सागर में जहरीली शराब पीने से 12 की मौत, पुलिस महकमें में हड़कंप

Sagar Spurious Liquor  : मध्य प्रदेश  सागर जिले के बंडा इलाके में जहरीली और अवैध शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई है। रविवार सुबह परिजन बीमार लोगों को बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौतों की वजह जहरीली शराब का सेवन बताया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

चार गांवों के लोग प्रभावित

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के इलाकों के कुछ लोगों ने शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतकों में चार गांवों के लोग शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रशासन और पुलिस में हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। सागर एसपी अनुराग सुजानिया और कलेक्टर प्रतिभा पाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शराब के स्रोत समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

घर- घर पहुंच रही डॉक्टरों की टीम

घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। डॉक्टरों और एसडीएम की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के इलाज और जांच के लिए बंडा सिविल अस्पताल में जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। अस्पताल में आने वाले संदिग्ध मरीजों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

कलेक्टर ने लोगों से की अपील

कलेक्टर प्रतिभा पाल (Collector Pratibha Pal) ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान शराब पी है या उसमें जहरीली शराब से जुड़े कोई लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो वह तुरंत स्क्रीनिंग कराए। उन्होंने लोगों से स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क करने या सीधे बंडा सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराने को कहा है।

मौतों की वजह की जांच जारी

कलेक्टर के मुताबिक, डॉक्टरों की टीम सभी मामलों पर लगातार नजर रख रही है। मेडिकल और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और प्रशासन शराब पीने से हुई मौतों के कारणों की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौतों की वास्तविक वजह की तस्वीर और साफ होगी।